थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव बिसाहन में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के ही एक युवक का शव जलघर के पास कुत्तों द्वारा नोचा हुआ मिला। यह खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया। युवक की पहचान गांव के ही धर्मेंद्र पुत्र रामफल के रूप में हुई। धर्मेंद्र की मां संतोष ने बताया कि बीती देर शाम धर्मेंद्र को कुछ अज्ञात युवक घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद देर रात तक भी जब धर्मेन्द्र घर नहीं आया तो उन्होंने उसे ढूंढा। सोमवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि गांव के ही जलघर के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है जिसे कुत्ते नोच रहे हैं। परिजनों ने गांव के सरपंच को मौके पर ले जाकर शव की पहचान की और बाद में इसी घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन करने के साथ-साथ सबूत जुटाने के लिए मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। उधर पुलिस घटना से पर्दा उठाने के लिए पोस्टमार्टम की रिर्पोट आने का भी इंतजार कर रही है।
पीएम रिपोर्ट आने के बाद कारणों का पता चलेगा
गांव बिसाहन में जलघर के पास एक युवक के शव की सूचना मिली थी जोकि शव को कुत्तों द्वारा नोंचा हुआ था और शव को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई बोर्ड में करवाया जाएगा और उसकी रिपोर्ट आने के बाद जो भी कार्यवाही होगी अमल में लाई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
कुलबीर सिंह थाना प्रभारी बेरी।