झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर गांव दुलीना के निकट कैंटर और हाईवा में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन एक दूसरे के अंदर घुस गए और उनके परखचे उड़ गए। दर्दनाक हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर की आवाज दूर तक गूंजी और लोग हादसे की तरफ दौड़ पड़े।
हादसे के बाद पुलिस कर्मियों ने शवों को बाहर निकालने के लिए भी करीब पौना घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। पहले दोनों गाड़ियों को अलग किया और वाहनों को काटा तब जाकर शवों को निकाला जा सका। सड़क के बीच में हादसा होने के चलते यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिसके चलते करीब पौने घंटे तक यातायात भी बाधित रहा। आलम यह था कि शव निकालने के बाद भी काफी समय तक पुलिस यातायात को सुचारू करने में लगी रही। बाद में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया। हालांकि दोनों मृत चालकों की पहचान नहीं हो पाई है।
जबकि दूसरा सड़क हादसा झज्जर-कोसली मार्ग पर गांव सुबाना के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में राहगीरों द्वारा इलाज के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। दोनों ही मामलों में पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार झज्जर से गुरुग्राम रोड पर गांव दुलीना के पास दो वाहनों की भिड़ंत संतुलन बिगड़ने के कारण हुई है। पुलिस की मदद से मृतकों को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां से दोनों के शवों को शव ग्रह में रखवा दिया गया। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। दूसरा सड़क हादसा झज्जर-कोसली मार्ग पर गांव सुबाना के पास हुआ। घायलों की पहचान मनोज निवासी गांव गुडियानी व अमित निवासी हिसार के रूप में हुई।
दुलीना चौकी इंचार्ज कुछ भी बताने से काटते रहे कन्नी
दुघर्टना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दुलीना चौकी इंचार्ज पूरे घटनाक्रम को बताने पर कन्नी काटते रहे। हालांकि दुघर्टना के बाद कुछ समय तक जाम लगा था, लेकिन चौकी इंचार्ज ने अपने आप को इतना व्यस्त बता रहे थे कि करीब पांच घंटे बीत जाने पर भी यातायात को सुचारू करने की बात कहते रहे और मामले की जानकारी देने से छिपते नजर आएं। वहीं इस मामले में जब पुलिस पीआरओ को भी फोन लगाया गया तो उन्होंने भी फोन नहीं उठाया।
सड़क दुघर्टना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए है। हादसा कैसे हुआ इस बारे में जांच की जा रही है। घायल युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
देवेंद्र, जांच अधिकारी