झज्जर-गुड़गांव मार्ग पर बाईपास के निकट शुक्रवार रात दो बजे हथियारों के बल पर बदमाशों ने कार सवार से 30 हजार रुपये छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी रेवाड़ी की ओर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाकाबंदी भी करवाई लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए।
जानकारी के अनुसार नंदराम पुत्र लेखराम निवासी गांव गुडचर, जिला बीकानेर, राजसानि अपनी कार नंबर आरजे 07,जीए-6437 में सवार होकर गुड़गांव से झज्जर की ओर आ रहा था। जैसे ही उसकी गाड़ी शहर के बाहरी बाईपास के निकट पहुंची। तभी चार बदमाशों ने कार को ओवरटेक करते हुए रुकवा लिया और हथियारों के बल पर तीस हजार रुपये छीन लिए और फरार हो गए। पीड़ित व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली और नाकाबंदी कर भी बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
गुड़गांव बाईपास के निकट लूट की सूचना उन्हें मिली थी। मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली गई थी। पीड़ित की शिकायत पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
-सत्यवीर सिंह, शहर चौकी इंचार्ज।
व्यापारियों में रोष
उधर, शहर में बढ़ रही दिन-प्रतिदिन लूट की वारदातों से आमजन में भय का माहौल है। व्यापारी वर्ग में खासकर चिंता बनी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि अभी दुकानदार से हुई लूट की वारदात का खुलासा हो भी नहीं पाया था कि एक ही रात को लूट और दुकान में चोरी की वारदात हुई है, जोकि चिंता का विषय है। व्यापारी नेता राकेश अरोड़ा का कहना है कि इस संबंध में एसपी और डीसी से मुलाकात की जाएगी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की जाएगी। अगर जल्द आरोपियों को नहीं पकड़ा जाता है तो व्यापारी बाजार बंद रखने पर मजबूर होंगे। जिसकी जिम्मेवारी जिला प्रशासन की होगी।