हरियाणा के बहादुरगढ़ में रेलवे में अनुबंध के आधार पर नौकरी लगवाने के नाम पर पांच युवकों से गांव बामनौली निवासी एक महिला, उसके दो बेटों और तीन अन्य लोगों ने मिलकर 5 लाख 85 हजार रुपये ठग लिये। जून 2021 में पीड़ितों से पैसे लिए गए और एक जगह साक्षात्कार भी लिय गया।
जब कुछ दिनों तक नौकरी नहीं लगी और अपने साथ धोखाधड़ी का पता चला तो पीड़ितों ने इसकी शिकायत एसपी झज्जर को दी। पीड़ितों की शिकायत पर थाना लाइनपार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरुग्राम जिले के गांव बजघेड़ा निवासी विक्की ने बताया कि जून 2021 में उसके परिचित गांव बामनौली निवासी कपिल ने बताया कि उसका भाई सोनू रेलवे में अनुबंध के आधार पर गाजियाबाद में नौकरी लगवाता है। इस पर वह अपने दोस्त सेक्टर-9 निवासी सौरभ के साथ कपिल के घर गए और वहां सोनू व उसकी मां शीला देवी भी मिली।
सोनू ने बताया कि एक उम्मीदवार के 1 लाख 40 हजार रुपये लगेंगे। अगर आपका कोई और भी परिचित है तो उसे भी लगवा दूंगा। कपिल व उसकी मां शीला देवी ने इसकी गारंटी भी ली। इस पर उन्होंने अपने परिचित वैशाली, नवीन, रवि दलाल व ललित को नौकरी लगवाने के लिए 5 लाख 85 हजार रुपये सोनू को दे दिए। सोनू के कहने पर उन्होंने अपने कागजात पवन नामक व्यक्ति को दिए।
सोनू के कहने पर वे नितेश नामक युवक के साथ कंपनी में साक्षात्कार के लिए गए। उसके बाद सोनू ने बताया कि कंपनी में सुपरवाइजर संजीव आपका काम करवाएगा और सोनू ने उसे ज्वाइनिंग लिस्ट भी दे दी। लिस्ट के अनुसार उन्हें 28 नवंबर 2021 को ज्वाइन करना था लेकिन हमें कुछ शक हुआ तो वे 25 नवंबर 2021 को ही संबंधित कंपनी में चले गए।
वहां पर सुपरवाइजर से मिले तो उन्होंने बताया कि आज काम अधिक है। अपने पेपर दे दो और जाओ, आपका काम हो जाएगा। उनका शक गहराता गया तो वे संबंधित कंपनी में मौजूद अधिकारियों से मिले तो पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह लिस्ट उनकी नहीं है और न ही यहां पर नौकरी से संबंधित कोई कार्रवाई फिलहाल की गई।
इस पर उन्हें पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है। फिर वे सीधे सोनू के पास गए और अपने पैसे मांगे लेकिन अब तक उन्हें पैसे नहीं दिए गए और अब वे उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपी सोनू, उसके भाई कपिल, मां शीला देवी, पवन, नितेश व संजीव के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।