अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के हरियाणा पर्यटन (गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स) में पिछले काफी दिनों से ग्राहकों को चूना लगाया जा रहा था। अधिकारियों की ओर से यहां पर खाना खाने के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों से 18 फीसद टैक्स वसूला जा रहा था। जबकि अब सरकार की ओर से यह टैक्स 5 फीसद कर दिया गया है। इससे ग्राहकों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसकी पड़ताल की गई तो यह बात सामने आई। गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स के अधिकारियों ने भी इस बात को माना है और कहा कि शुक्रवार से वे 5 प्रतिशत टैक्स लेंगे।
शहर के गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स में भोजन करने के लिए पहुंचने वाले मेहमानों से 18 प्रतिशत जीएसटी वसूला जा रहा था। यह एक-दो दिन से नहीं बल्कि पिछले काफी दिनों से ग्राहकों को चपत लगाई जा रही थी। जब इस बारे में अमर उजाला टीम ने जांच पड़ताल की तो यह बात उजागर हुई। मामला प्रकाश में आने के बाद अब गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स के अधिकारियों ने शुक्रवार से 5 प्रतिशत टैक्स वसूलने की बात कही है।
क्यों वसूला जा रहा था 18 प्रतिशत टैक्स
जब सरकार की ओर से खाने पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाया जा रहा है तो आखिरकार गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स में खाना खाने के लिए पहुंच रहे ग्राहकों से 18 प्रतिशत टैक्स क्यों वसूला जा रहा था। इससे ग्राहकों को काफी चपत लगाई जा रही थी। वीरवार को भी ग्राहकों से 18 प्रतिशत टैक्स ही लिया गया।
ग्राहकों को भी नहीं थी जानकारी
ग्राहकों से खाना खाने के बाद गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स में बिल में 18 प्रतिशत टैक्स लिया जा रहा था। इसकी जानकारी ग्राहकों को भी नहीं थी। जब अमर उजाला टीम ने इसकी पड़ताल की तो यह मामला सामने आया और अधिकारियों ने भी अब शुक्रवार से 5 प्रतिशत टैक्स लिए जाने की बात कही।
आज से 5 प्रतिशत वसूलेंगे टैक्स : चोपड़ा
गौरेया टूरिस्ट कांप्लेक्स के अधिकारियों की ओर से भी यह बात स्वीकार की गई है। प्रबंधक अशोक चोपड़ा ने कहा कि उन्हें इसका पता भी वीरवार की शाम को लगा है। उन्हें भी पहले इस बारे में पता नहीं था। अब शुक्रवार से कांप्लेक्स में भोजन पर 5 प्रतिशत टैक्स लगाया जाएगा।
गौरैया टूरिस्ट कांप्लेक्स मेें भोजन पर ग्राहकों से 5 की बजाय वसूला 18 फीसदी टैक्स
हरियाणा पर्यटन ने पर्यटकों को जमकर लगाया चूना
-सरकार ने घटा दिया था खाने पर जीएसटी
-5 प्रतिशत जीएसटी वसूला जाना चाहिए था