स्वर्णकार से लूट का चौथा आरोपी धरा
चरखी दादरी।
मंगल मार्केट के समीप करीब एक साल पहले स्वर्णकार से करीब 22 लाख की लूट करने के चौथे आरोपी को भी दादरी सीआईए ने काबू कर लिया है। उसकी पहचान सोंधी निवासी रणजीत उर्फ जोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे न्यायालय से चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई रिट्ज गाड़ी को रविवार को बरामद कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि गत चार अक्तूबर को मंगल मार्केट निवासी स्वर्णकार रामबिलास के साथ रिट्ज सवार चार युवकों ने मारपीट कर दुकान का थैला छीन लिया था। इसमें करीब 800 ग्राम सोना और 80 हजार रुपये की नगदी थी। वहीं लुटेरों के हमले से घायल रामबिलास की घटना के कुछ दिन बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में परिजनों की मांग पर हत्या की धारा भी इजाद की थी। करीब दस दिन पूर्व सीआईए इंचार्ज हितेंद्र दांगी की टीम ने शमामले के दो आरोपियों को दिल्ली बाईपास के समीप से गिरफ्तार किया था। सीआईए एएसआई मक्खन सिंह ने अपनी टीम सहित तीसरे आरोपी को भी पांच दिन पूर्व गिरफ्तार कर लिया था। मक्खन सिंह की टीम ने द्वारका निवासी सोमबीर की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई कार को भी बरामद कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।