अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
लाइनपार के हरि नगर में बीती रात चोरों ने एक घर में दो मोबाइलों व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देकर चोर छत से कूद गए। छत से कूदने पर एक चोर चोटिल होकर लोगों के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसके साथी फरार हो गए। लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। घायल चोर को अदालत में पेश करने के बाद उपचार के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया गया। हरि नगर की गली नंबर-4 के निवासी अवधेश कुमार शहर की एक कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार को खाना खाने बाद रात करीब 11 बजे वे सो गए। रात को लगभग ढाई बजे कुछ चोर उनके घर में घुस गए। शोर शराबा हुआ तो अचानक उसकी आंख खुल गई। उसने आवाज दी तो चोर ऊपर चले गए। पीछा किया तो वे करीब 15 फुट ऊंची छत से कूद कर भाग गए। इस दौरान एक चोर गिरकर चोटिल हो गया। गली के लोगों ने आसपास तलाश की तो उक्त चोटिल चोर मिल गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित निवासी लाइनपार बताया। उसके पांव में काफी चोट लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों ने चोर को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई। उसके पास से एक चाकू भी बरामद हुआ है।
2 मोबाइल व साढ़े 12 हजार चोरी
पुलिस को दी शिकायत में अवधेश ने कहा है कि जब उन्होंने अपने घर में सामान की तलाश की तो 2 मोबाइल, एटीएम कार्ड, लाइसेंस व साढ़े 12 हजार रुपये की नहीं मिली। पकड़े गए आरोपी के साथ दो-तीन और चोर थे। पुलिस अन्य चोरों को काबू कर सामान बरामद के लिए प्रयास कर रही है। उधर, पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अधिकारी बोले
लाइनपार थाना प्रभारी कुलबीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।