अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
रोहतक-दिल्ली रेलमार्ग पर बहादुरगढ़ में बराही फाटक के पास एक दिव्यांग किशोर मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इस हादसे में उसके हाथ-पांव कट गए। मौके पर मौजूद लोग सहायता करने की बजाय उसकी वीडियो बनाते रहे। बिजली निगम के कर्मचारियों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है।
रोहतक की जनता कॉलोनी का निवासी तुषार (13) बोलने सुनने में सक्षम नहीं है। पिछले कुछ दिनों से वह बहादुरगढ़ के लाइनपार क्षेत्र में अपने मामा के यहां आया हुआ था। दोपहर को वह अपने कुछ दोस्तों के साथ बिजली पॉवर हाउस मैदान में खेलने चला गया। कुछ देर खेलने के बाद पौने 4 बजे वे वापस घर की तरफ चल दिए। जब तीनों रेलवे लाइन क्रॉस कर रहे थे तो तभी रोहतक की ओर से एक मालगाड़ी आ गई। उक्त दोनों बालकों ने तो ट्रैक पार कर लिया। मगर तुषार का पांव लाइन के साथ एक पत्ती व तार के बीच में फंस गया। डर की वजह से वह भागने लगा तो गिर गया और उसका एक हाथ गाड़ी की चपेट में आ गया। बचने का प्रयास किया तो पांव भी चपेट में आ गया। इस हादसे में उसका एक हाथ व पैर काट गया जबकि सिर में भी काफी चोटें आई हैं। वहां काम कर रहे बिजली कर्मचारियों ने उसे संभाला और नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
तड़पता रहा तुषार, लोग बनाते रहे वीडियो
हादसे के बाद कुछ देर तक तुषार दर्द से छटपटाता रहा। बोलने में सक्षम न होने के कारण वह किसी को कुछ बता भी नहीं सका। तभी वहां मीटर शिफ्ट करने के काम में लगे शमी की उस पर नजर पड़ी। शमी के मुताबिक, भीड़ को देखकर वह वहां गया तो देखकर हैरान हो गया। कुछ लोग उसकी मदद करने की बजाय वीडियो बना रहे थे। इसके बाद उसने अपने सहकर्मी की मदद से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, जांच अधिकारी मनजीत ने बताया कि उक्त बालक बोल, सुन नहीं सकता। उसके दोस्तों के जरिए उसकी पहचान हो पाई। वह पीजीआई में भर्ती है, फिलहाल उसकी हालत चिंता से बाहर है।
ट्रेन की चपेट में आने से कटे दिव्यांग के हाथ-पांव
-दर्द से तड़पता रहा तुषार, लोग बनाते रहे वीडियो
---फोटो 5 : घटना स्थल पर मौजूद पुलिस व लोग।----------