कार की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 के नजदीक एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार एचएसआईआईडीसी के नजदीक कार चालक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस को दी शिकायत में रमाकांत निवासी करीपारा ने बताया है कि वह बहादुरगढ़ के रोहद गांव में स्थित बलारका फेब्रिकोम फैक्टरी में नौकरी करता है। मंगलवार की रात वह नई दिल्ली से फैक्टरी में जा रहा था। जब वह बहादुरगढ़ में एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रही एक वैग्नार कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल में भिजवाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। रमाकांत ने बताया कि कार चालक घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। रात होने के कारण वह गाड़ी का नंबर भी नहीं देख पाया। रमाकांत की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।