चरखी दादरी। शहर निवासी एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में सिटी थाना पुलिस को शिकायत भी सौंपी है जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शहर निवासी 31 वर्षीय महिला ने बताया कि उसकी शादी 2016 में राजस्थान के चुरू में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। मायके से सामान लाने के लिए उसके साथ मारपीट भी करने लगे और डिमांड पूरी करने से इंकार करने पर उसे धमकी भी दी। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि इसकी जानकारी उसने अपने मायके पक्ष के लोगों को दी तो उसकी ससुराल पहुंच गए। उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास भी किया लेकिन इसका भी उन पर कोई असर नहीं पड़ा। महिला ने बताया कि उनकी प्रताड़ना से परेशान होकर वह दादरी आ गई और अब इस संबंध में शिकायत सौंपने पुलिस थाने पहुंची।