अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी गांव नौरंगा बास जाटान निवासी एक किसान की खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम दादरी के सिविल अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने मृतक के भतीजे के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक राजबीर के भतीजे गुणपाल ने बताया कि वह अपने चाचा सहित वीरवार रात फसलों में सिंचाई के लिए खेत में गया था। इसी दौरान वह खेत में बने कमरे में चाय बनाने चला गया। इंतजार के बाद भी उसका चाचा राजबीर वहां नहीं पहुंचा तो वह बुलाने बाहर आया। इसी दौरान उसने देखा कि उसका चाचा अचेत था। इसके बाद उसने फोन कर परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद वो राजबीर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर झोझूकलां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कागजी कार्रवाई के बाद शुक्रवार सुबह मृत का पोस्टमार्टम कराया। जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।