अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव बादल निवासी पशु पालक के खेत से अज्ञात ने 28 बकरियां चोरी कर ली। उसने इसकी शिकायत झोझूकलां पुलिस चौकी में दी है। इस पर संज्ञान लेकर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में बादल निवासी धर्मबीर ने बताया कि गांव की बणी के समीप उसके खेत हैं। उसने अपने खेत में टीन शेड डलवा रखी है। इसके नीचे अपनी बकरियां बांधता है। धर्मबीर ने बताया कि नौ फरवरी की रात अज्ञात व्यक्ति टीन शेड के नीचे से 18 बकरियां, एक बकरा और नौ मेमना चोरी करके ले गया। सुबह जब वह सोकर उठा तो उसे चोरी की घटना का पता चला। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने स्तर पर बकरियां चुराने वाले शख्स का पता लगाने का प्रयास किया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पुलिस ने धर्मबीर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।