अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव रानीला स्थित एक सैलून में तोड़फोड़ के साथ अज्ञात ने प्लॉट में पड़े पशुचारे को भी आग लगा दी। सैलून मालिक ने घटना की शिकायत अचीना ताल पुलिस चौकी में दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सैलून के अलावा वहां खड़ी एक गाड़ी के भी शीशे तोड़े गए हैं। शिकायतकर्ता ने दोषी का पता लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी शिकायत में रानीला निवासी जयप्रकाश ने बताया कि उसने गांव में सैलून कर रखा है। सुबह करीब साढ़े छह बजे वह मंदिर के समीप पक्षियों को दाना डालने जा रहा था। जब वह सैलून के पास पहुंचा तो उसे शीशे टूटे मिले। जब वह अंदर पहुंचा तो काउंटर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त मिला। इसके बाद जब वह सैलून के साथ लगते प्लॉट में पहुंचा तो वहां पशुचारा भी जला मिला। जयप्रकाश ने बताया कि प्लॉट की दीवार के साथ एक गाड़ी भी खड़ी थे जिसके शीशे भी क्षतिग्रस्त मिले। इसके बाद वह अचीना पुलिस चौकी पहुंचा और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी।