फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारी को परिवार समेत बंधक बनाकर 25 लाख की नकदी और जेवर लूटे

Wed, 08 May 2019 01:09 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चरखी दादरी (हरियाणा)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

रोहतक रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग कंपनी के मालिक, उसके पुत्र और पुत्रवधु को घर में बंधक बनाकर दो हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार रात को करीब 25 लाख की नकदी और जेवर लूट लिए। बदमाशों ने करीब पौने दो घंटे तक बंधक बनाकर परिवार के सदस्यों को पीटा। इस दौरान बदमाशों ने चार मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिए।

विज्ञापन


बदमाश अपने साथ सोने की तीन अंगूठी, दो सोने की चेन और 700-800 ग्राम चांदी भी ले गए। जाते समय बदमाश अपनी एक पिस्तौल भी वहीं छोड़ गए। सूचना मिलते ही डीएसपी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फिंगर प्रिंट लेने के साथ ही खोजी कुत्तों और आईटी सेल की मदद भी ले रही है।

रोहतक रोड रेलवे फाटक के समीप श्री बालाजी ट्रेडिंग नामक से पाइप फैक्ट्री है। फैक्ट्री की बैक साइड में मकान है जिसमें परिवार के लोग रहते हैं। सोमवार रात करीब 1.30 बजे दो हथियारबंद बदमाश पिस्तौल लेकर मकान में घुसे। मकान के सामने छोटी चारदीवारी है। उसमें एक लोहे का गेट लगा हुआ है जो खुला था।
विज्ञापन


इस गेट से बदमाश मकान में घुस आए। करीब 60 वर्षीय मकान मालिक हरीश बरामदे के सामने सो रहे थे। बदमाशों ने उनको पकड़कर कहा कि कैश और गोल्ड बताओ। बरामदे के पीछे बने कमरे में हरीश का पुत्र अरुण और पुत्रवधु संजू सो रहे थे। बदमाश हरीश को घर के अंदर ले गए और अंदर से दरवाजा की कुंडी बंद कर दी। इस दौरान हरीश, अरुण और संजू के घर में रखी बिजली की डोरी से पीछे से हाथ बांधकर उनको पीटना शुरू कर दिया।

एक बदमाश पिस्तौल तानकर तीनों परिजनों को मारने की धमकी देकर पूरे मकान की तलाशी लेनी शुरू कर दी। हरीश ने बताया कि मकान में एक अलमारी को छोड़कर सभी खुली हुई थीं। बदमाशों ने कमरे में बनी सभी अलमारियों और बेड आदि की तलाश ली। चाबी मांगने पर हरीश ने एक अलमारी की चाबी उन्हें सौंप दी।

बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब 25 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने तीनों के हाथों में मौजूद सोने की अंगूठी व दो सोने की चेन भी छीन ली। उनके पास मौजूद चार मोबाइल भी ले गए। मोबाइल लेते समय चोरों ने कहा कि वे मोबाइल अपने साथ लेकर नहीं जाएंगे वे मोबाइल को आसपास रखकर जाएंगे। हरीश ने बताया कि लुटेरे करीब 700-800 ग्राम चांदी भी ले गए। उसके पास अलग से करीब 10 हजार रुपये रखे थे वे भी छीन लिए। कई चांदी के सिक्के भी ले गए।

परिजनों को बंधा हुआ छोड़कर भाग गए
करीब सवा तीन बजे तक बदमाश घटना को अंजाम देकर परिजनों को बंधा छोड़कर चले गए। बाहर से गेट की कुंडा लगा गए। हरीश ने बताया कि कुछ दिनों से वे इस मकान के पीछे निर्माण कर रहे हैं। इस मकान के पीछे से बाहर जाने का रास्ता है। उन्होंने जैसे-तैसे अपने बंधे हाथ खोले और पीछे से बाहर आया। इसी बीच बदमाश वहां से पैदल ही जा चुके थे। वे बैग में डालकर नकदी, जेवरात और कीमती सामान ले गए। हरीश ने बताया कि उनके चारो मोबाइल बाद में तलाश करने पर उन्हें मिल गए।

बदमाश एक पिस्तौल मौके पर ही छोड़ गए। पिस्तौल रेडी फॉर फायर की पोजीशन में थी। पिस्तौल में गोली डली हुई थी। हरीश वारदात के बाद शहर के रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा के समीप मकान में अपने भाई राजेश के पास गया। घटना के बारे में राजेश को बताया। उसके बाद 3.45 बजे 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। हरीश ने बताया कि तत्पश्चात वे राजेश के मकान से वाहन में सवार होकर सिविल अस्पताल पहुंचे जहां उनका उपचार किया गया।

हरीश ने बताया अस्पताल जाते समय बस स्टैंड और रोहतक चौक के समीप पुलिस गश्त पर थी इस दौरान उन्होंने पुलिस को भी इस घटना के बारे में बताया। इसी बीच सूचना मिलने पर तत्काल 15-20 पुलिस कर्मचारी और डीएसपी रमेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

शहर की नाकेबंदी की गई और दूसरे जिलों में पुलिस ने वीटी के जरिए सूचित किया गया। मकान मालिक हरीश ने बताया कि उनके यहां मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। इस वजह से उन्होंने मकान से सीसीटीवी कैमरों की फिटिंग उतार रखी है। इस वजह से कैमरे की मदद नहीं मिल सकी।

पुलिस ने रोड पर लगे कैमरों की लोकेशन ली
डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मेन रोहतक रोड पर धर्मकांटा पर लगे सीसीटीवी कैमरे की लोकेशन की जांच की है। इसी प्रकार रोहतक रेलवे फाटक और घटनास्थल के पीछे बर्फ फैक्ट्री के समीप लगे कैमरे को भी खंगाला है। इनकी सीडी तैयार की जा रही है लेकिन अभी तक स्पष्ट कुछ नहीं मिला है।

इस घटना को ट्रेस आउट करने में आईटी और साइबर क्राइम की टीम जांच में जुट गई है। मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि एक बदमाश पेंट-शर्ट और दूसरा सफेद रंग का कुुर्ता-पजामा पहने था। दोनो ने सफेद रंग का कपड़ा मुंह पर लगा रखा था।

यूपी की भाषा बोल रहे थे
पीड़ित हरीश ने बताया कि बदमाश यूपी और हरियाणा की मिक्स भाषा बोल रहे थे। वे घटना के दौरान बार-बार बोल रहे थे वे बड़ौत के रहने वाले हैं। जान से मार देंगे। एक बदमाश की आयु करीब 40 तो दूसरे की आयु करीब 48 वर्ष बताई जा रही है। वे हाथों में दास्ताने डाले थे। डीएसपी रमेश कुमार ने बताया खोजी कुत्तों की मदद भी ली गई है। फ्रिंगर प्रिंटस भी लिए हैं लेकिन अभी तक जांच में कुछ सामने नहीं आया है। पुलिस की चार टीमें खोजबीन में लगी हैं। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।

पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मोबाइल लोकेशन भी देखी जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में 20-25 लाख रुपये की लूट होने की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मौके से मिली पिस्तौल पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। - डीएसपी रमेश कुमार, चरखी दादरी

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें