झज्जर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की क्वालिटी कंट्रोल की टीम ने एक दुकान पर छापा मारकर किसानों को धोखे में रखकर डीएपी के स्थान पर जैविक खाद बेच रहे एक डीलर को पकड़ा है। विभाग की टीम ने डीलर और संबंधित कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के लिए पुलिस को भी शिकायत दे दी है। पुलिस ने भी इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने खाद का सैंपल भी भरा हैै। जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
एक किसान ने विभाग को शिकायत की थी कि शहर के भगत सिंह चौक पर स्थित न्यू दिनेश खाद बीज भंडार पर किसानों को धोखे में रखकर डीएपी के स्थान पर फास्फोरस रिच ऑर्गेनिक खाद डीएपी बताकर बेच रहा है। जिस पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को विभाग की टीम ने दुकान पर छापा मारा। छापामारी के दौरान उक्त दुकानदार 1100 रुपये में डीएपी के नाम पर खाद बेच रहा था। क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर बाल मुकुंद ने बताया कि फास्फोरस रिच ऑर्गेनिक खाद में 0.5 प्रतिशत नाइट्रोजन लिखा होना चाहिए वह भी खाद के बैग पर कहीं भी नहीं लिखा हुआ था। उन्होंने कहा कि डीलर रिक्को आर्गेनिक प्राइवेट लि. कंपनी का खाद बेच रहा था। जबकि बैग पर भी प्रोम लिखा हुआ था। किसानों के साथ धोखाधड़ी कर खाद को बेचने के आरोप को लेकर पुलिस को भी कंपनी और डीलर के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए लिखा गया है।
विभाग की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी और डीलर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि इस मामले में फिलहाल तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। अगर इस प्रकार का कोई भी मामला नजर में आता है तो किसान तुरंत कृषि विभाग को सूचित करे और डीएपी के नाम पर अन्य कोई खाद न लें। इसके साथ ही खाद, बीज और दवाई खरीदते समय पक्का बिल अवश्य लें।
- बाल मुकुंद, क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, झज्जर।
कृषि विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर कंपनी और डीलर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहनता से जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- राजेश कुमार, प्रभारी शहर पुलिस चौकी, झज्जर।