अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
इनेलो का जेल भरो आंदोलन शुक्रवार को नई अनाज मंडी की टीन शेड तक की सिमट कर रह गया। नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला के नेतृत्व में प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने 16300 लोगों की सूची गिरफ्तारी के लिए डीएसपी हेड क्वार्टर प्रदीप नैन को सौंपी। गिरफ्तारी के बाद जिला जेल न होने के चलते एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने महज 10 सेकंड में सबकी रिहाई की घोषणा कर दी। जेल भरो आंदोलन में दारी हलके के 8850 तो बाढड़ा हलके के 7450 कार्यकर्ताओं ने अपनी सामूहिक गिरफ्तारी दी। जेल भरो आंदोलन के मंच के माध्यम से जहां इनेलो कार्यकर्ताओं ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया तो वहीं नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा व कांग्रेस पर तंज कसते हुए प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की लहर बताई। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन जिला कार्यालय सचिव ऋषिपाल उमरवास ने किया। दोपहर करीब एक बजे नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला नई अनाज मंडी स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे वादे कर सत्ता में आई, लेकिन आज प्रदेश का हर वर्ग सरकार की गलत नीतियों के चलते सड़कों पर आंदोलनरत है। भाजपा ने चुनाव से पहले जहां 15 लाख हर आदमी के खाते में आने का प्रलोभन दिया तो वहीं, हर वर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी। भाजपा ने कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतन देने का वादा किया था। लेकिन भाजपा चार वर्ष से अधिक के कार्यकाल में अपने किसी भी वादे पर खरी नहीं उतरी।
उन्होंने कहा कि गोल्डन जुबली मनाकर प्रदेश की जनता के 1700 करोड़ रुपये सरकार ने पानी की तरह बहा दिए। प्रदेश के लोगों को बांटने के लिए भाजपा ने जाट आरक्षण के दौरान 35-1 का नारा देकर लोगों का भाईचारा खराब करने का काम किया। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा जेल भरो आंदोलन के दौरान जनता के उत्साह को देख यह निश्चित हो चुका है कि अगली सरकार गठबंधन की होगी।
आगामी चुनाव को लेकर मंच से की ये घोषणाएं
- गठबंधन की सरकार बनते ही किसान कमेरे के सभी कर्ज माफ करेंगे।
- गरीब कन्या की शादी के लिए 50 हजार की बजाय पांच लाख कन्यादान देंगे।
- हर घर से एक युवा को रोजगार देंगे व बेरोजगारी भत्ता 15 हजार करेंगे।
- प्रदेश में बुढ़ापा पेंशन बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह की जाएगी।
- किसानों के ट्यूबवेल का बिजली बिल पूरा व घरेलू कनेक्शनों का आधा बिजली बिल होगा माफ।
सीएम और पूर्व सीएम पर कसे तंज
नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने अपने संबोधन के दौरान सीएम मनोहर लाल व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसे। चौटाला ने कहा कि एसवाईएल को लेकर जब विधानसभा में सीएम से सवाल पूछते हैं तो वो कोई जवाब नहीं दे पाते। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एसवाईएल का पानी लाना नहीं चाहती। जबकि केंद्र सरकार की मंशा भी ऐसी ही है। उन्होंने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस राज में भी एसवाईएल को लेकर राजनीति की गई है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला प्रधान नरेश द्वारका, विधायक राजदीप फौगाट, कर्नल रघबीर छिल्लर, रणवीर मंदोला, आशीष, बसपा जिला प्रधान ओमप्रकाश खोरड़ा, प्रभारी शिवकुमार झोझू, रामनिवास मिर्च, महेंद्र शास्त्री, विजय प्रकाश चीफ, मनफूल शर्मा, वाइस चेयरमैन बबलू शयोराण, सज्जन बलाली, विजय पंचगावां, दरियाव सिंह एडवोकेट, राजेश फौगाट, प्रदीप आंबेडकर, योगेश इमलोटा, सूरज बैनीवाल, पार्षद आनंद महराणा, भूप मांढ़ी, राजेंद्र हुई, मुकेश डालावास, रविंद्र फौगाट, कैलाश शर्मा आदि उपस्थित थे।
वर्जन
इनेलो ने सामूहिक गिरफ्तारी के लिए 16300 लोगों की सूची सौंपी थी। जिला प्रशासन के पास जेल न होने के कारण उन्हें रिहा कर दिया गया।
- ओमप्रकाश देवराला, एसडीएम, चरखी दादरी।