अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
रोहतक-दिल्ली रोड पर सोमवार सुबह स्मॉग के कारण एक के बाद एक करके करीब 10 वाहन आपस में टकरा गए। इससे कुछ वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कई लोगों को काफी चोट भी आई हैं। इन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
पिछले तीन चार दिनों से इलाके में फॉग और स्मॉग छाया हुआ है। सोमवार की सुबह भी क्षेत्र में गहरा स्मॉग था। इस कारण वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हो रही थी। सुबह करीब सात बजे नेशनल हाइवे पर अलॉयड स्ट्रिप्स फैक्टरी के पास कई वाहनों की टक्कर हो गई। दरअसल, यहां एक टैंपो चालक को आगे चल रहा ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया। दोनों की टक्कर हो गई। पीछे से आ रही बाइक की टैंपों में टक्कर लग गई तो अगले कुछ ही क्षणों में एक कार ने भी इससे टकरा गई। इसके बाद तीन-चार गाड़ियां और टकराई। इस हादसे में बाइक सवार, टैंपों सवार और कार में सवार रोहतक निवासी राजेश सहित कई अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए।
हादसे के कारण यहां पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। सूचना मिलते ही आसौदा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह वाहनों को एक-दूसरे से अलग कराया। इसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो पाई। टक्कर लगने के कारण कुछ वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मौके पर पहुंची एससी प्रवीन ने बताया कि इस मामले में किसी भी वाहन चालक की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। घटना को इत्तफाक मानकर कार्यवाही की गई है। एक घायल को जीवन ज्योति अस्पताल भर्ती कराया गया है। दो घायल जींद और दिल्ली में भर्ती हैं।