भेड़-बकरियां चुराने वाले गिरोह के चार सदस्य काबू, चार माह मे जिले से चुराई 200 बकरियां
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। भेड़-बकरियां चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। स्पेशल स्टाफ की टीमों ने आरोपियों को मंगलवार को जींद, असंध व कुसुन से गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने 24 हजार की नकदी व एक पिकअप डाला भी बरामद किया है। अभी भी इनके कुछ साथी फरार चल रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में ही आरोपियों ने अकेले दादरी जिले से करीब 200 भेड़-बकरियां चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों पर महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, जींद व रोहतक जिले में भी पशु चोरी करने के मामले दर्ज हैं। आरोपियों को पुलिस ने बुधवार सुबह कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
स्पेशल स्टाफ एसआई शमशेर सिंह के नेतृत्व में गठित टीमों ने चारों आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असंध के धनोली निवासी बिट्टू, कसुन निवासी संजय उर्फ धोला व वजीर और सफीदों के गांव हेट निवासी सन्नी के रूप में हुई। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में चारों आरोपियों ने पिछले चार माह में ही चरखी दादरी जिले में पशु चुराने की पांच वारदातें भी कबूल कर लीं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने जिले के गांव नौरंगाबास, मांडी हरिया व रूदड़ोल गांव से बकरियां चोरी की थी। इस संबंध में दादरी सदर व बाढड़ा थाने में मामले भी दर्ज हैं। आरोपियों ने कबूल किया कि इन तीन गांवों से वो करीब 200 भेड़-बकरियां चोरी कर चुके हैं। इसके अलावा उन पर महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली थाने में पशु चोरी के तीन मामले दर्ज हैं। इनमें से एक आरोपी तो पशु चोरी के पांच मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। इस पर फतेहाबाद, रोहतक व जींद जिलों के थानों में भी केस दर्ज है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों ने अपने कुछ अन्य साथियों के नाम भी पुलिस के सामने उजागर किए हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस टीमें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने में जुट गई हैं। पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपियों के कब्जे से 24 हजार की नकदी व पिकअप डाला भी बरामद किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी करने के बाद वो भेड़-बकरियों को अलग-अलग जगहों पर बेच देते थे। बुधवार को पुलिस ने इन चारों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेशों पर आरोपी बिट्टू को 14 दिन ज्यूडिशियल रिमांड पर भिवानी भेजा गया जबकि संजय उर्फ धोला, वजीर व सन्नी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
वजीर को तीन जिलों की पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार
चोर गिरोह के सदस्य वजीर को फतेहाबाद, जींद व रोहतक जिले की पुलिस पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी पर दो जुलाई 2011 व 21 नवंबर 2011 को रोहतक के रेलवे थाने में मामले दर्ज हैं। इसके अलावा फतेहाबाद जिले में आरोपी पर 13 नवंबर 2011 को, जींद जिले के उचाना थाने में 15 फरवरी 2014 को केस दर्ज हुआ था। इन मामलों में तीनों जिलों की पुलिस उसे गिरफ्तार कर चुकी है।
आरोपियों ने चरखी दादरी जिले की ये कबूलीं वारदातें
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गत 31 जनवरी को नौरंगाबास गांव से उन्होंने 40 भेड़ व 18 भेड़ के बच्चे चोरी किए थे। इस संदर्भ एक फरवरी को अज्ञात के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज है।
- आठ फरवरी को बाढड़ा उपमंडल के गांव मांढ़ी हरिया से 42 भेड़ चोरी की थी और नौ फरवरी को बाढड़ा पुलिस थाने में इस संदर्भ में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
-18 अप्रैल को उन्होंने नौरंगाबास गांव से 25 बकरी, एक बकरा व 15 बकरी के बच्चे चोरी किए थे। इस संदर्भ में 19 अप्रैल को सदर थाने में केस दर्ज हुआ था।
-चारों आरोपियों ने बताया कि गत पांच अप्रैल को उन्होंने बाढड़ा उपमंडल के रूदड़ोल गांव से 35 बकरियां चुराई थी। पीड़ित पशुपालक की शिकायत पर बाढड़ा पुलिस ने छह अप्रैल को अज्ञात पर केस दर्ज किया था।
-पशु चोर गिरोह के सदस्यों ने बताया कि बाढड़ा के गांव कान्हड़ा से उन्होंने सात मार्च को 23 बकरी, दो बकरे व 10 बकरी के बच्चे चोरी किए थे। इस संदर्भ में बाढड़ा थाने में गत आठ मार्च को केस दर्ज किया गया था।
आरोपियों से पूछताछ चल रही है। चरखी दादरी जिले की इन्होंने कई वारदातें कबूल की हैं। आरोपियों से हमने 24 हजार की नकदी व एक पिकअप डाला बरामद किया है।
- शमशेर सिंह, स्पेशल स्टाफ प्रभारी