अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
चोरी करके हरियाणा से दिल्ली ले जाए जा रहे बिजली की हाइटेंशन तारों से भरे कंटेनर को पुलिस ने एक आरोपी सहित गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस अब मेवात में फरार आरोपी के ठिकानों पर दबिश देगी।
दरअसल, दिन में दिल्ली में बड़े वाहनों की इंट्री बैन है। इसलिए हरियाणा से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-9 बाईपास पर खड़े होते हैं। ये रात के समय दिल्ली के लिए यहां से निकलते हैं। बुधवार की शाम को भी यहां बिजली की हाइटेंशन तारों से भरा एक ट्रक खड़ा हुआ था। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की गई बिजली की हाइटेंशन तारों से भरा हुए एक ट्रक सेक्टर-9 बाईपास पर खड़ा है। इस सूचना पर एमआईई पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई देवेंद्र टीम सहित मौके पर पहुंचे तो कंटेनर में कंडक्टर साइड पर एक युवक बैठा था। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल निवासी तावड़ू (मेवात) बताया। इसके बाद पुलिस ने पीछे ताला खोलकर कंटेनर चेक किया तो उसमें बिजली की तारों के 70 बंडल थे। पुलिस ने तारों का वजन कराया तो 7040 किलोग्राम पाया गया। फिर पुलिस ने आरोपी राहुल को काबू कर लिया।
उधर, आरोपी राहुल ने पूछताछ में कहा है कि उसे नहीं पता कि तार कहां से चोरी किए गए हैं। चालक जुबेर उसे 800 रुपये देकर तावड़ू से लेकर आया था। उसने कहा था कि बाकी रुपये दिल्ली में तार बेचने के बाद दे देगा। बहादुरगढ़ में जब कंटेनर को खड़ा किया तो शाम को चालक जुबेर बहादुरगढ़ में किसी परिचित के यहां चला गया। वीरवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
चालक के ठिकानों पर दी जा रही दबिश
उधर, एमआईई चौकी प्रभारी एसआई देवेंद्र ने कहा कि तारें कहां से चोरी करके लाई गई हैं, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। फिलहाल आरोपी को 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर मेवात स्थित चालक के ठिकानों पर दबिश दी जाएगी। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर इस मामले को सुलझाया जाएगा।
चोरी के तारों से भरे कंटेनर सहित एक गिरफ्तार, चालक फरार
-दिल्ली में बेचने के लिए जा रहे थे दोनों आरोपी
-बहादुरगढ़ में सेक्टर-9 बाईपास के पास से किए गए गिरफ्तार