अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
धुंध और स्मॉग के चलते बुधवार को जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक की मौत हो गई। जबकि आठ घायल हो गए। हादसों की सूचना पाकर संबंधित थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच जांच शुरू कर दी।
पहली घटना जिले के कस्बे मातनहेल के पास घटित हुई। यहां एक निजी बस और ट्राले में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में बस में बैठी आठ सवारियों को चोट लगी। जिन्हें राहगीरों और पुलिस की मदद से उपचार के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल लाया गया। इनमें से दो लोगों को स्थानीय चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। हादसा स्मॉग और धुंध की वजह से हुआ। जिन लोगों को इस हादसे में चोट लगी है उनमें विकास निवासी खेड़ा खुर्द, प्रीतम निवासी उत्तर प्रदेश, सतेंद्र निवासी खानपुर, मनवीर निवासी बिरोहड, रम्मल सिंह निवासी खानपुर, शारदा निवासी नौगांवा, नेत्रपाल, विकास घायल हो गए। सतेंद्र और मनवीर की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
दूसरा हादसा यहां झज्जर-कोसली मार्ग पर स्थित गांव कासनी के पास हुआ। यहां एक बाइक सवार को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर चोटों के चलते बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान विजय निवासी मुबारिकपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक पंजाब नेशनल बैंक में कार्यरत था और अपनी बाइक पर सवार होकर ड्यूटी पर जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
- मातनहेल में सवारियों से भरी बस ट्राले से टकराई