अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को हुए हादसे में दो छात्राओं की जहां मौत हो गई, वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उधर पुलिस ने मृतक छात्राओं का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महराजगंज थाना क्षेत्र के अमारी गॉव निवासी डाक्टर चन्द्रशेखर सिह की पुत्री निधि सिह (17) कौशिल्या देवी इण्टर कालेज महराजगंज में इंटर में पढ़ती थी। बुधवार की सुबह साइकल से लोहिन्दा चौराहे पर कोचिंग पढने जा रही थी। उसने चौराहे पर पहुंच कर जैसे ही कोचिंग की तरफ मुड़ना चाहा कि पिकअप की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पिकअप चालक भाग निकला। उसे सिर में गंभीर चोटें आई। आसपास के लोगों ने अमारी गांव निवासी पिता डाक्टर चन्दशेखर को सूचना दी। डा. चंद्रशेखर ने पहले बेटी का इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने पर उसे लेकर इलाहाबाद के लिए रवाना हुए। रास्ते में निधि की मौत हो गई। उधर पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। दूसरी घटना बक्शा थाना क्षेत्र के हरबसपुर गाँव के पास हुई। जहां दोपहर में मिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर -ट्राली की चपेट में प्राथमिक विद्यालय की छात्रा शानू यादव आ गई। मौके पर ही छात्रा की मौत हो गई। इसके विरोध में लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सीओ जया शाडिल्य मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। हाजीपुर फरीदाबाद गाँव निवासी सुरेश यादव की करीब 8 वर्षीय पुत्री शानू यादव बगल के गाँव हरबसपुर प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो में पढ़ती थी। शानू सुबह विद्यालय पहुँच दोपहर में विद्यालय से घर के लिए निकली। उसी दौरान चपेट में आ गई।
इनसेट
दो लोग घायल
शाहगंज संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के सरपतहां थाना क्षेत्र के कटघर गांव निवासी शेर बहादुर की पुत्री सुमन (10) मंगलवार की शाम घर के पास खेल रही थी। अचानक बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी घटना आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी अरविंद यादव की पुत्री रागिनी (17) बुधवार को घर से स्कूल जा रही थी। रास्ते में मोटरसाइकिल की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। सिंगरामऊ संवाददाता के अनुसार सुल्तानपुर जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास बुधवार को करीब 12 सड़क पर अचानक एक जानवर के आ जाने से बाइक पर पीछे बैठी युवती सोनी निषाद 18पुत्री त्रिलोकी नाथ निषाद निवासी गड़मा कोइरीपुर थाना चांदा सुल्तानपुर घायल हो गई। वह अपने भाई सुरेश कुमार के साथ बाइक से जौनपुर दवा कराने जा रही थी।