अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। गांव चांदवास के पास बाइक का संतुलन बिगड़ने पर चोट लगने से पूर्व सैनिक की मौत हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम दादरी के सिविल अस्पताल में करवाया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव नीमड़ निवासी पूर्व सैनिक सुनील कुमार सोमवार को बाइक पर सवार होकर बाढड़ा जा रहा था। जब वह गांव चांदवास के पास पहुंचा तो बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे वह बाइक के साथ रोड पर गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने उसे संभाला और उपचार के लिए लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर देर रात ही बाढड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया। सोमवार सुबह पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए और इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया। जांच अधिकारी एएसआई हरेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।