चरखी दादरी। टीबी पीड़ित एक प्रवासी श्रमिक की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक ने परशुराम चौक के समीप ही 15 दिन पहले किराये पर कमरा लिया था। मृतक कैटरिंग का काम करता था। वहीं, मृतक ने मकान मालिक को जो अपने घर का पता बताया था उस पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि अभी मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।
मकान मालिक अजीत का कहना है कि उसने 15 दिन पहले ही कमरा करीब 35 वर्षीय प्रवासी श्रमिक को किराये पर दिया था। उसने अपना नाम प्रेम निवासी कानपुर बताया था। वह टीबी से पीड़ित था और रोहतक पीजीआई में उसका उपचार चल रहा था। वह कुछ दिन पहले ही पीजीआई से घर लौटा था। मंगलवार को उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और मकान मालिक अजीत उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। वहां उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने जब शिनाख्त के प्रयास किए तो ऐसा पता मंगलवार देर शाम तक पुलिस को नहीं मिला जिससे कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया जा सके।