अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
झज्जर रोड स्थित सब्जी मंडी एवं उसके आसपास दुकानदारों के साथ आपराधिक वारदातें हो रही हैं। बीती रात भी पिस्तौल की नोंक पर एक दुकानदार से रुपये छीन लिए गए। इस वारदात से दुकानदारों में रोष है। बुधवार को काफी संख्या में दुकानदार सिटी थाने में पहुंचे। यहां पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने एवं आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।
सेक्टर-6 निवासी नवीन जिंदल का झज्जर रोड पर सब्जी मंडी परिसर में पूजा नमकीन.. नाम से दुकान है। मंगलवार की रात को पिस्तौल के बल पर दो लोगों ने उसे लूट का शिकार बनाया। नवीन ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। तभी दो नौजवान युवक उसके पास आए। उन दोनों ने उससे रुपये मांगे, उसने विरोध किया तो एक युवक ने पिस्तौल निकाल ली और जान से मारने की धमकी दी। इसे वह घबरा गया। तब एक युवक ने जबरन गल्ला खोल कर करीब 8 हजार रुपये की नकदी निकाल ली। इसके बाद भी वे और रुपयों की मांग करने लगे। जाते-जाते उसकी जेब में रखे 500 रुपये के नोट को भी निकाल कर भाग गए। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। रात को पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदातों से परेशान दुकानदार पहुंचे थाने
नवीन के साथ हुई यह वारदात कोई पहली वारदात नहीं है, इससे पहले भी यहां कई वारदातें हो चुकी हैं। गत 30 जून को मंडी के सामने स्थित एक दुकानदार जबरन मोबाइल व रुपये छीने गए थे। दुकानदार के विरोध पर उक्त युवकों ने उसके हाथ पर भी चाकू मार दिया था। पास ही स्थित एक दुकानदार भारत को भी दो युवकों ने बातों में उलझा कर उसके 20 हजार रुपये निकाल लिए थे। यहां के दुकानदार प्रेम व रवि भी वारदात के शिकार हो चुके हैं। इसके अलावा दो-तीन रेहड़ी वालों के साथ भी छीना झपटी हो चुकी हैं। 15 दिन के भीतर कई घटनाएं हो जाने से यहां के दुकानदारों में रोष है। बीती रात नवीन के साथ हुई वारदात से दुकानदारों में रोष बढ़ गया। बुधवार को दर्जनों दुकानदार सिटी थाने पहुंच गए।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
थाने में पहुंच कर दुकानदारों ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि बार-बार होती इस तरह की वारदातों से दुकानदार बेहद परेशान हैं। शाम होते ही दुकानदारों को भय सताने लगता है। मंडी परिसर व उसके आसपास सैकड़ों दुकानदार हैं और हजारों लोग रोजाना खरीददारी के लिए आते हैं। इसलिए वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
अधिकारी बोले
शहर थाना पुलिस प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि दुकानदार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से उक्त क्षेत्र में गश्त और बढ़ा दी जाएगी। यदि किसी दुकानदार के साथ ऐसी वारदात हो तो पुलिस को तुरंत सूचना दें।
- गुस्साए दुकानदार पहुंचे थाने
- आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग