अवैध शराब से भरी स्विफ्ट गाड़ी पकड़ी, दो युवक भी काबू
चरखी दादरी। सिटी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार देर शाम समसपुर मोड़ पर अवैध शराब से भरी स्विफ्ट गाड़ी पकड़ी है। पुलिस ने गाड़ी सवार दो युवकों को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 408 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि यह शराब मेरठ ले जा रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि समसपुर मोड़ के समीप से अवैध शराब से भरी एक स्विफ्ट गाड़ी गुजरने वाली है। इस आधार पर हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र व जगजीत की टीम ने संभावित जगह पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम ने वहां से गुजर रही एक स्विफ्ट गाड़ी को भी रुकवाया। गाड़ी सवार दो युवकों ने पुलिस कर्मियों को गुमराह करने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस ने गाड़ी को एक साइड खड़ी करवाकर जांच की तो अंग्रेजी मार्का की शराब की बोतलें मिली। जब इस संबंध में युवकों से पूछताछ की गई तो वो स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों को शराब व गाड़ी सहित सिटी पुलिस थाने ले आई। यहां गाड़ी में रखी शराब उतारकर जांच की गई तो ऑफिसर च्वाइस मार्का की 408 बोतलें थी। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों ने अपना नाम रविंद्र (25) व नवीन (18) गांव सोहासड़ा निवासी बताया। आरोपियों के खिलाफ सिटी पुलिस थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केेस दर्ज कर किया गया। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए शराब की बोतलें पेटियों की बजाय काले रंगी की प्लास्टिक पॉलीथिन में डाल रखी थी।
लोहारू से मेरठ ले जा रहे थे शराब
पुलिस गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों ने बताया कि वह स्विफ्ट गाड़ी में शराब भरकर लोहारू से चले थे। इसकी सप्लाई उन्हें मेरठ में करनी थी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शराब किसकी है और किसके पास इसे सप्लाई किया जाना था।
दोनों युवकों को पुलिस टीम ने 408 बोतल अवैध शराब सहित काबू किया है। इनके पास से स्विफ्ट गाड़ी भी बरामद हुई है। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह शराब मेरठ सप्लाई की जा रही थी।
- सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता