चरखी दादरी। महेंद्रगढ़ चौक मोड़ पर शुक्रवार दोपहर हुए रोडवज हादसे में सिटी थाना पुलिस ने बस चालक पर केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में आरोप है कि बस चालक की लापरवाही से जहां दो लोग घायल हो गए तो वहीं जाम खुलवाने पहुंची ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, रोडवेज विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कांस्टेबल प्रदीप ने बताया कि उसकी तैनाती ट्रैफिक थाने में है। शुक्रवार दोपहर महेंद्रगढ़ चौक के समीप जाम लग गया था और पुलिस टीम वहां जाम खुलवाने पहुंची थी। जब पुलिस टीम जाम खुलवा रही थी तो महेंद्रगढ़ की तरफ से एक रोडवेज के चालक ने तेज रफ्तार से बस मोड़ दी। इसके बाद बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस चाय के खोखे और जूस की रेहड़ी से टकराकर नाले में कूद गई। वहीं, जूस की रेहड़ी लगने से ट्रैफिक पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। कांस्टेबल की शिकायत पर पुलिस ने नारनौल डिपो की बस के चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद रोडवेज जीएम धनराज कुंडू भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया था और बस चालक से हादसे का कारण भी पूछा गया था।