बहादुरगढ़। शहर की मुख्य बाजार में सोमवार की दोपहर तीन शातिर महिलाओं व पुरुष ने एक सराफा की दुकान से करीब एक लाख रुपये के जेवरात देखने के बहाने चोरी कर लिए। महिलाओं की करतूत सराफा की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सराफा कारोबारी ने मामले की शिकायत सिटी थाने में की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेन बाजार के संजय सोनी की एसएस ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। संजय सोनी के मुताबिक, सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे दुकान पर दपंती आए। उन्होंने बच्चों की सोने की बाली दिखाने के लिए कहा। इसके कुछ ही देर बाद दो अन्य महिलाएं भी आ गईं। उन्होंने भी जेवर दिखाने की बात कही। इस पर सराफा कारोबारी महिलाओं को जेवरात दिखाने में व्यस्त हो गया। इसी बीच शातिर महिलाओं ने दोनों को बातों में उलझा कर रखा। इस दौरान उन्होंने चांदी की चेन, कड़े, कच्चा पायल, सोने की बाली पांच जोड़ी सहित कई कीमती जेवरात को अपने कपड़ों में छिपा लिया।
एक स्पेशल डिजाइन का बाला नहीं मिला तो हुई घटना की जानकारी
संजय सोनी ने बताया कि शातिर महिलाएं व पुरुष जब दुकान के अंदर बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने बॉक्स के अंदर एक अलग तरह की डिजाइन का बना सोना का बाला देखा तो वह गायब था। इस पर उन्हें महिलाओं पर शक हुआ तो वह सीसीटीवी कैमरे देखने लगे। अपने को फंसता देख महिलाएं दुकान से बाहर निकलने लगी तो इस पर संजय ने उन्हें रुकने के लिए कहा। इसके बाद भी महिलाएं बाहर निकल गईं। सराफा की दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी ने शातिरों के गैंग में शामिल एक आदमी को पकड़ना चाहा तो वह धक्का देकर दुकान से बाहर निकल गया। बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर शातिर नजफगढ़ की तरफ भाग निकले। दुकान के कर्मचारी ने काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगे।
दिल्ली से आया था महिलाओं का गैंग
सराफा कारोबारी का कहना है कि दुकान में आई सभी महिलाएं बातचीत में दिल्ली की लग रही थी। उन्हें शक है कि यह पूरा गैंग दिल्ली का है। जो शहर की बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों को अपना शिकार बनाएगा। गैंग के लोगों ने पूरी घटना को अंजाम देने के लिए सिर्फ एक घंटे का समय लिया। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह पूरी तैयारी से दुकान में आए थे।
दो साल पहले भी हुई घटना का भी देखा वीडियो
संजय ने बताया कि रेलवे रोड स्थित एक हैंडलूम की दुकान में करीब दो साल पहले इसी तरह की घटना को अंजाम देने के लिए एक महिलाओं का गैंग आया था। लेकिन हैंडलूम मालिक की सतर्कता से यह घटना होने से बच गई। इस पर वह हैंडलूम मालिक के पास गए। दो साल पुराना वीडियो देखकर शातिरों की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन वह महिलाएं अलग थी।
सराफा कारोबारी संजय सोनी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शातिर महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। व्यापारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
रवि कुमार, प्रभारी, सिटी थाना, बहादुरगढ़।