बादली। गांव लाडपुर में एक उद्यमी के पूर्व पीएसओ ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से अपनी पत्नी और पुत्री को गोली मार दी। दोनों की मौत के बाद उसने अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे कारण क्या रहे इस बात का तो खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने खुद को दोनों की मौत को जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात खाना खाने के बाद एक उद्यमी के पीएसओ रहा दिनेश अपनी पत्नी कविता (32) और मात्र 4 वर्षीय पुत्री तृशा के साथ कमरे में सोने के लिए चला गया। इस दौरान उसके 10 वर्षीय पुत्र रितेश ने अपनी दादी के साथ घर ही सोने की इच्छा जताई। इस पर रितेश को छोड़कर तीनों अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। दिनेश ने गांव में ही अपने एक प्लाट में निर्माण कार्य शुरू किया हुआ था। इसी के चलते वह रोज अल सुबह उठकर निर्माण कार्य स्थल पर चला जाया करता था। शनिवार को दिनेश के मकान से कुछ ही दूरी पर रहने वाले उसके भाई मुकेश ने जब शनिवार को दिनेश का मकान बंद देखा तो वह दिनेश को जगाने चला गया। जहां कमरे में उसने दिनेश व उसकी पत्नी कविता के अलावा उसकी चार साल की बेटी तृशा के शव खून से लथपथ पड़े देखे। कविता और तृशा के शव बेड पर पड़े थे जबकि दिनेश का शव दरवाजे के पास फर्श पर लहूलुहान हाल में था। कविता और दिनेश के सिर में गोली लगी थी और तृशा के गर्दन के नीचे गोली लगी। दिनेश के हाथ में ही रिवाल्वर था। इसके बाद मुकेश ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। डीएसपी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को बेड पर एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें दिनेश ने कविता और तृशा की मौत के लिए स्वयं को जिम्मेवार ठहराने की बात लिखी है। दिनेश दिल्ली में एक उद्यमी के पास निजी सुरक्षा में तैनात था मगर पिछले डेढ़ माह से नौकरी छोड़कर घर ही रहता था। पुलिस के अनुसार दिनेश ने वारदात को अंजाम पति-पत्नी में कलह की वजह से दिया है। वहीं परिजनों ने किसी भी झगड़े से इंकार किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। देर शाम को गांव में तीनों का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। तीनों चिताओं को एक साथ संस्कार किया गया जिसमें बेटे रितेश ने मुखाग्नि दी। डीएसपी अशोक कुमार का कहना है कि सुसाइड नोट के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई। सुसाइड नोट का मिलान भी करवाने के लिए लैब में भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने तीनों के शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।