बहादुरगढ़। दिल्ली से अपने साथियों के साथ जसौर खेड़ी के पास से गुजर रही एनसीआर नहर में नहाने आए एक युवक का पैर फिसल गया। जिससे वह गहरे पानी में डूब गया। पानी का बहाव तेज होने के चलते उसका पता नहीं चल सका है। पुलिस व ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल पाया था। जानकारी के अनुसार दिल्ली के रानीखेड़ा से कृष्ण अपने साथियों साहिल, दीपक, सुशांत, मोहित, कुलदीप, पृथ्वी व विशाल के साथ गर्मी से निजात पाने के लिए बहादुरगढ़ के गांव जसौर खेड़ी के पास से गुजर रही एनसीआर नहर में नहाने के लिए आया हुआ था। बताया गया है कि जब उक्त सभी साथी नहर के साथ बनी सीढ़ियों पर बैठकर नहा रहे थे तो इसी दौरान कृष्ण का अचानक पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। अपने साथी के डूबने पर युवकों ने शोर मचाया और आसपास नहा रहे दूसरे युवकों से मदद की गुहार लगाई। युवक को बचाने के लिए काफी युवा नहर में उतरे और नहर में डूबे युवक की खोजबीन शुरू की, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया। उधर, इस मामले में जांच अधिकारी फूल कंवार ने बताया कि युवक के पानी में डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने गोताखोर व उन युवाओं की मदद से (जिन्हें तैरना आता है) की मदद से कृष्ण की तलाश शुरू कर दी है। फूल कंवार के अनुसार एनसीआर नहर में करीब 15 फुट तक पानी है। जो युवक नहाते समय पानी में बह गया है उसके परिजनों को भी सूचना दी गई। परिजन भी मौके पर पहुंचे हैं। उनकी मौजूदगी में ही रेस्क्यू अभियान जारी है।