अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। कोर्ट परिसर में लाए गए हत्या के प्रयास मामले के अभियुक्त से पुलिस गार्ड ने एक तोला सुल्फा बरामद किया है। आरोपी ने सीढ़ियों से उतरते समय लोहे की ग्रिल पर चिपकाया गया सुल्फा उतारकर अपनी जेब में रखा था। जांच में इसका वजन दस ग्राम पाया गया है। आरोपी के खिलाफ सिटी पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार समसपुर निवासी नसीब पर सिटी थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज हुआ था। इस समय वह जेल में बंद है। वीरवार को पुलिस उसे कार्ट में पेश करने के लिए जेल से लाई थी। ईएचसी सत्यवान, कांस्टेबल अमित, सर्वेश, हितेश व प्रवीन की उसे कोर्ट में पेश करने के बाद नीचे खड़ी कैदी वैन तक लाने की ड्यूटी लगी थी। ईएएसआई मैनपाल ने बताया कि जब वो अभियुक्त नसीब को नीचे ला रहे थे, तो सीढ़ियां उतरते समय उसने लोहे की ग्रिल पर चिपकी हुई कोई चीज उतारकर जेब में डाल ली। इस दौरान पुलिस गार्ड की उस पर नजर पड़ गई। तलाशी में उसकी पेंट की जेब से सुल्फा की गांठ बरामद हुई है। तौल के दौरान इसका वजन दस ग्राम पाया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।