अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
सेक्टर-6 के नजदीक स्थित पटेल नगर में बीती रात बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला की आंखों में रेत डालकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जब तक महिला संभल पाती, तब तक युवक भाग चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, इलाके में घेराबंदी भी की। लेकिन झपटमारों का कुछ सुराग नहीं लगा। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाइनपार के सुभाष नगर की निवासी कांता सहारा कंपनी से जुड़ी हुई हैं। वह कंपनी के लिए कलेक्शन का काम करती हैं। रोजाना की तरह बुधवार की देर शाम भी वह इसी काम के सिलसिले में पटेल नगर गई हुई थी। इसी दौरान वह वारदात का शिकार हो गई। कांता के मुताबिक, रात करीब 9 बजे वह 66 फुटा रोड से जुड़ी एक गली में जा रही थी तो एक युवक ने बाइक अड़ाकर उसकी स्कूटी रुकवा ली। तभी एक युवक पीछे से आया।
युवक ने उसकी आंखों में रेत डाल दिया। रेत के कारण उसकी आंखें धुंधला गई। इसी बीच उक्त युवकों ने उसका बैग झपट लिया। उसने शोर मचाया तो लोग इकट्ठे हुए लेकिन तब तक दोनों भाग चुके थे। कांता का कहना है कि बैग में उसके 26 हजार की नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड, पास बुक व अन्य जरूरी कागजात थे।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। क्षेत्र से लगते हरेक चौक-चौराहों पर पुलिस की तैनाती की गई। लेकिन बाइक सवार युवकों का कुछ पता नहीं चला। सेक्टर-6 चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि महिला से पूछताछ कर उक्त दोनों युवकों के हुलिये के बारे में जानकारी ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की भी मदद ली जाएगी। महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही बदमाश युवकों को पकड़ लिया जाएगा।
- स्कूटी को रुकवाकर दिया वारदात को अंजाम