झज्जर। गुरुग्राम रोड पर दुलीना पुलिस चौकी के निकट एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार भाई-बहन घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को राहगीरों की मदद से सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया और युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुआयना करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस टीम सामान्य अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह भेजा। जहां से पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार शहर के हरिपुरा मोहल्ला निवासी सन्नी खुराना पुत्र जितेंद्र खुराना ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसके चाचा का लड़का मुदित खुराना पुत्र गुलशन खुराना व उसकी प्रियंका खुराना किसी काम से अल सुबह सोहना गए थे। जो अपना काम निपटाने के बाद वे दोनों वहां से वापस आ रहे थे। इस दौरान दुलीना पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर झज्जर की तरफ पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों घायल हो गए। घायल अवस्था में दोनों को राहगीरों ने सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने मुदित को मृत घोषित कर दिया। इस बारे में सदर थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी का सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मतृक के परिजनों को सौंप दिया है।