अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत विरोध में वीरवार शाम जिले के गांव लुहारी में 15-20 हुड़दंगियों ने रोडवेज बस पर न केवल पथराव किया। बल्कि बस की स्टेपनी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। वहीं बस चालक-परिचालक ने आगजनी करने वालों पर तोड़फोड़ करने, स्टेपनी में आग लगाने के अलावा उनके साथ मारपीट करने बस में भी तेल छिड़कर आग लगाने के प्रयास का आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलने के बाद झज्जर के एसपी बी सतीश बालन, डीएसपी अजमेर सिंह, झज्जर थाना से एसएचओ सोमवीर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस कुलाना चौकी में खड़ी करवा दी। साथ ही एसएसपी बालन ने गांव में पुलिस बल को तैनात कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में बस चालक रवि कुमार व परिचालक प्रवीण कुमार ने बताया है कि वे दोनों रेवाड़ी डिपो में रोडवेज बस पर कार्यरत हैं और वीरवार सायं बस लेकर पटौदी वाया कुलाना होते हुए उस्मापुर जा रहे थे। उस दौरान बस में 35-40 यात्री सवार थे। शाम करीब 6:20 बजे बस खेड़ा पटौदा गांव के हनुमान मंदिर के नजदीक पहुंची तो सड़क पर वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण बस रुक गई। इसी दौरान 15-20 युवक आए और पत्थरों व डंडों से बस के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं युवकों ने तोड़फोड़ के बाद बस में घुसकर स्पेटनी पर पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी और हमारे साथ मारपीट की। साथ ही जान से मारने की नीयत से हमें जलाने की कोशिश की। बस के पिछले टायरों में आग लगा दी। इस दौरान सवारियों ने भागकर अपनी जान बचाई।