अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
लोगों को सुरक्षा और जागरूकता का पाठ पढ़ाने वाली पुलिस ही अब ठगी का शिकार हो रही है। बीते कुछ दिनों में शातिर युवक चार पुलिसकर्मियों को ठग चुके हैं। अभी हाल ही में रोहतक रोड पर सदर थाने के सामने एटीएम बूथ में शातिर युवक ने हरियाणा पुलिस के सिपाही को बातों में उलझाकर उसका कार्ड बदल लिया और खाते से 57 हजार रुपये निकाल लिए। सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव चुलियाना का निवासी हरपाल हरियाणा पुलिस में सिपाही है। फिल्हाल उसकी पोस्टिंग मधुबन में है। वह गत नौ जनवरी को किसी काम के सिलसिले में बहादुरगढ़ आया था। सैलरी चेक करने के लिए वह रोहतक-दिल्ली रोड पर सदर थाने के सामने स्थित एसबीआई के एटीएम में गया। वहां उसने एटीएम स्वैप कर स्टेटमेंट निकालने का प्रयास किया, मगर पर्ची नहीं निकली। उस वक्त एटीएम में एक अन्य युवक भी मौजूद था। स्टेटमेंट नहीं निकली तो पीछे खड़े युवक ने मदद का आश्वासन दिया। वह उस युवक के झांसे में आ गया और स्टेटमेंट निकालने के लिए अपना कार्ड उसको दे दिया। उक्त युवक ने स्टेटमेंट निकालने की कोशिश की, दो बार तो नहीं निकली मगर तीसरी बार निकल गई। स्टेटमेंट निकलने के बाद वह घर आ गया। 10 जनवरी को सुबह उठा तो देखा कि फोन पर खाते से रुपये निकलने के मैसेज आए हुए हैं। जिनमें नौ जनवरी की रात साढ़े 9 बजे 40 हजार तो 10 जनवरी की सुबह सात बजे 17 हजार रुपये निकलने की जानकारी थी। इसके बाद उसने कार्ड देखा तो वह बदला हुआ था।
चार महीने में चार पुलिसकर्मियों को ठगा
एटीएम से ठगी करने वाले शातिरों के मन में पुलिस का बिलकुल भी भय नहीं है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बीते चार महीनों में शातिर क्षेत्र में चार पुलिस कर्मियों को ठग चुके हैं। गत 30 नवंबर को मुख्यमंत्री के कारकोड में जैमर ऑपरेटर अनिल दत्त के खाते से 50 हजार रुपये निकाले गए थे। गत 5 दिसंबर को दिल्ली पुलिस से रिटायर्ड इकताक अहमद से बादली स्थित एटीएम बूथ में एक युवक ने कार्ड बदलकर उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए थे। अक्तूबर में जीआरपी बहादुरगढ़ में तैनात एएसआई के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाले थे।
बुजुर्ग से कार्ड बदला, निकाले 60 हजार
शातिर ठग शास्त्री नगर निवासी एक बुजुर्ग का भी कार्ड बदलकर करीब डेढ़ लाख रुपये निकाल चुके हैं। पुलिस को दी शिकायत में सीता राम ने कहा कि गत छह जनवरी को वह अपनी पुत्रवधू का कार्ड लेकर शिवचौक स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ पर गया था। उसे खाते का बैलेंस चेक करना था। जब मशीन में कार्ड स्वैप किया तो पीछे एक युवक खड़ा था। उसने बातों में उनको उलझा कर उसका कार्ड बदल लिया। फिर छह से आठ जनवरी के बीच शातिर युवक ने खाते से एक लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए। गत 12 जनवरी को पुत्रवधू के खाते से एलआईसी की ईएमआई कटनी थी। किश्त नहीं कटी तो एलआईसी के कर्मचारी ने सूचना दी, तब खाते से रुपये निकलने के बारे में पता चला। जब एटीएम कार्ड जांचा तो कार्ड बदला हुआ था।
अधिकारी बोले
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि उक्त केसों की जांच की जा रही है। एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज भी मंगवाई है। कार्ड बदलने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अब एटीएम बूथों के आसपास सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी रहेंगे। बैंकों को भी बूथों में सिक्योरिटी गार्ड रखने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की ज्यादातर घटनाएं खुद की लापरवाही के कारण होती है। लोग जागरूक रहें। इस संबंध में पुलिस भी लगातार लोगों को जागरूक कर रही है।