अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
भाजपा के एससी सैल जिला प्रधान डा. अजय तंवर को धमकी मिली है कि अगर उसने पुराना केस वापस नहीं लिया तो उसे परिवार सहित जान से मार दिया जाएगा। जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों की धरपकड़ के लिए साल्हावास थाना की टीम छापेमारी में जुटी है।
बहु गांव निवासी डॉ. अजय तंवर भाजपा एससी सैल के जिला प्रधान हैं। जिन्हें शुक्रवार देर रात को परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस को दी शिकायत पर डा. अजय तंवर ने बताया कि वह शुक्रवार को देर रात अपने घर पर ही बैठा हुआ था। इसी दौरान गाड़ी में सवार होकर खानपुर खुर्द निवासी सुभाष व दो अन्य युवक उसके घर आए। सुभाष के साथ आए दोनों लड़कों ने उस पर पिस्तौल तान दी व उसे सुभाष के खिलाफ पूर्व में दर्ज करवाया गया केस वापस लेने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर वह पुराना केस वापस नहीं लेगा तो वे उसे परिवार सहित मार देंगे। तीनों लोगों ने उसे जातिसूचक गालियां भी दी। जिस पर उसने शोर मचा दिया तो उसका भाई विजय व दूसरे पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों को आता देखकर तीनों लोग गाड़ी में सवार होकर वहां से भाग गए। वहीं, बाहर उनके साथ एक गाड़ी और भी थी।
पहले मांगी थी फिरौती
डॉ. अजय तंवर से पूर्व में खानपुर खुर्द गांव के सुभाष व उसके दो साथियों के द्वारा फिरौती मांगी गई थी। फिरौती न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिस पर साल्हावास थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक डॉ. अजय तंवर को पुलिस सुरक्षा दी गई थी। बाद में आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर पुलिस ने गनमैन वापस ले लिए थे। आरोपी सुभाष अब पहले वाले मामले में जमानत पर चल रहा है।
वर्जन
डॉ. अजय तंवर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनकी टीमें प्रयास कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अगर जरूरत पड़ी तो पीड़ित को पुलिस सुरक्षा भी दी जाएगी।
- संदीप, एसएचओ, साल्हावास थाना।