भैंस चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य काबू
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। बौंदकलां थाना पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को काबू किया है। आरोपियों ने सांजरवास गांव में भी पशु चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस गिरफ्त में आए तीनों आरोपियों में दो बौंद के हैं जबकि एक सांजरवास गांव का ही है। पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि 10 जून को सांजरवास निवासी कंवरपाल की भैंस चोरी हो गई थी। पुलिस ने इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो इसमें क्षेत्र के ही तीन युवकों की संलिप्तता होने की बात सामने आई थी। इस आधार पर पुलिस ने बौंद निवासी प्रवीण उर्फ योदीवाला और मनदीप उर्फ मोगली के साथ-साथ सांजरवास निवासी राजेंद्र उर्फ सन्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इनसे पूछताछ चल रही है और भी वारदातों का खुलासा होने का अनुमान है।