अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। गांव भदानी से 4 मार्च को लापता हुए व्यक्ति का शव मंगलवार की सुबह गांव लोहारहेड़ी स्थित एक कुएं में गली सड़ी अवस्था में मिला। शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। आसौदा थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, मंगलवार की सुबह गांव लोहारहेड़ी के कुछ लोग टहल रहे थे। सड़क किनारे स्थित एक कुएं के पास पहुंचे तो उन्हें दुर्गंध आई। जब उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो एक व्यक्ति का शव दिखा। उन्होंने आसौदा थाने में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। एफएसएल टीम ने भी जांच की। शव करीब सप्ताहभर पुराना था, इसी वजह से फूला हुआ था। चोट या किसी अन्य तरह के निशान भी दिखाई नहीं दे रहे थे। कपड़ों में 5500 रुपये, मोबाइल, एटीएम कार्ड व आधार कार्ड आदि दस्तावेज मिले। इन दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान राज सिंह निवासी भदानी जिला झज्जर के तौर पर हो पाई। इसके बाद पुलिस शव को नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में ले आई।
परिजनों को भी नहीं बताया था
मृतक राज सिंह (49) चार मार्च को अपनी सेंट्रो कार में सवार होकर परिजनों को बिना बताए ही घर से निकला था। तब से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। गांव लोहारहेड़ी में राज सिंह के परिचित भी रहते हैं लेकिन इन परिचितों का कहना है कि राज उनके यहां नहीं आया। राज सिंह की हत्या किसने की और किन कारणों से की, ये अभी सवाल बना हुआ है। परिजनों ने भी किसी पर शक जाहिर नहीं किया है।
नहीं मिली कार
राज सिंह का शव तो मिल गया है, लेकिन उसकी कार का कुछ पता नहीं है। मामला लूट का भी नजर नहीं आता, क्योंकि राज सिंह की जेब में नकदी व मोबाइल आदि बरामद हो गई हैं। यदि लूट के मकसद से हत्या की गई होती तो नकदी व मोबाइल भी बदमाश ले जाते। शव पर चोट के निशान नहीं दिखाई पड़ रहे। किस तरह से हत्या की गई, हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंका गया या फिर राज सिंह को जिंदा कुएं में डाला गया ये भी सवाल बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
मृतक के भाई राजेंद्र की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
जोगेंद्र सिंह, एसआई जांच अधिकारी, आसौदा थाना।