अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। गांव टांडाहेड़ी में कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 55 वर्षीय कृष्णा निवासी टांडाहेड़ी के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, कृष्णा रविवार की सुबह टहलने के लिए घर से बाहर निकली थी। करीब साढ़े छह बजे जब बेरी-बहादुरगढ़ रोड पर थी तो बेरी की ओर से आ रही कार की चपेट में आ गई। कार की चपेट में आने से कृष्णा घायल हो गई। राहगीरों ने उसे संभाला और बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में लेकर आए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मांडोठी चौकी से पुलिस अस्पताल में पहुंची और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे का कारण कार चालक की लापरवाही बताई जा रही है। परिजनों के बयान पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।