अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गुरुग्राम जेल के सहायक अधीक्षक को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। थाना सदर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सिद्दीपुर निवासी कृष्ण कुमार हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। फिलहाल वह गुरुग्राम भोंडसी जेल में सहायक अधीक्षक के तौर पर कार्यरत हैं। पुलिस को दी शिकायत में कृष्ण कुमार ने कहा है कि गांव सिद्दीपुर लोवा में केवल उनके पिता रोहताश रहते हैं। गत 28 मार्च की देर सायं करीब सात बजे कार में सवार होकर दो युवक उनके यहां आए। नकाबपोश एक युवक गाड़ी से नीचे उतरा और उसके पिता रोहताश से मेरे बारे में पूछने लगा। पिता ने कहा कि कृष्ण घर पर नहीं है। फिर युवक ने मोबाइल नंबर मांगा, लेकिन उन्होंने नंबर नहीं दिया। इसके बाद उक्त युवक ने कहा कि अपने बेटे को समझा देना कि भोंडसी जेल में आराम से नौकरी करे, वरना जान से मार देंगे। धमकी देकर उक्त युवक चले गए।
फोन पर बातचीत में कृष्ण कुमार ने कहा है कि जिस दिन धमकी दी गई है, उस दिन उसे गांव में आना था। इत्तफाक से छुट्टी रद्द हो गई और वह घर पर नहीं आ पाया। उक्त युवक कौन थे, क्यों धमकी दी। इस बारे में वह कुछ नहीं जानता।
उधर, सदर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज देखकर गाड़ी के नंबर देख आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा।