बहादुरगढ़। शहर के पटेल नगर में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने उसके साथ रह रहे व्यक्ति के खिलाफ 306 क़ी धारा के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मृतका की पहचान अन्नु (23) निवासी नरवाना के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, अन्नु का अपने पति सोनू से मनमुटाव हो गया था। अन्नु ने उसके खिलाफ महिला सेल में शिकायत दी थी, जिस पर जांच चल रही है। अन्नु पिछले दो महीने से नरवाना निवासी एक व्यक्ति के साथ सेक्टर छह स्थित पटेल नगर में रह रही थी। 25 नवंबर की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में अन्नु ने फंदा लगा लिया। घटना स्थल पर पहुंची सेक्टर छह पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंगलवार की सुबह महिला के परिजनों को फोन पर सूचना दी। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
इस मामले में मृतका के पति सोनू ने साथ रह रहे संदीप के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बयान के आधार पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। आईओ जयकर्ण ने कहा कि पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।