अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां।
दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर रविवार को सड़क पार कर रहे एक राहगीर को कुचलने के आरोपी डंपर चालक को बौंदकलां थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। ज्ञात रहे कि रविवार सुबह करीब छह बजे बौंदकलां निवासी रमेश उर्फ अंगना घर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान चरखी दादरी की ओर से आ रहे डंपर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रमेश को सड़क पर कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी चालक को डंपर सहित काबू कर लिया है। इस बारे में एसएचओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपित डंपर चालक को काबू कर लिया गया है। लेकिन ओवरलोड डंपरों के चालान की पावर पुलिस के पास नहीं है।
ओवरलोडिड डंपर बने यमदूत
प्रदेश सरकार ने ओवरलोड वाहनों के चालान की पावर पुलिस व अन्य विभागों से छीनकर आरटीए विभाग तक ही सीमित रख रखी है। इसके चलते दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर ओवरलोड डंपर व ट्रक मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। डंपर चालक काफी लापरवाही व तेज गति से वाहनों को चलाते है जिससे हर रोज सड़कों पर हादसे हो रहे हैं। लेकिन सरकार व प्रशासन केवल मूकदर्शक की भूमिका निभा रहा है।