बहादुरगढ़। जिले के एक गांव में करीब पांच माह पहले हुए किशोरी से दुराचार एवं हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
झज्जर जिले के एक गांव में स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति की 11 वर्षीय बेटी 27 दिसंबर 2018 को संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। दो जनवरी को किशोरी का शव पाया गया था। एक परिचित युवक पर ही अपहरण करके दुष्कर्म व हत्या करने का आरोप लगा। दरअसल, उत्तर प्रदेश के एक जिले का निवासी संतोष यहां ईंट भट्ठे पर अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। 27 दिसंबर को किशोरी का परिवार काम करने गया हुआ था। घर पर किशोरी व संतोष ही थे। शाम को जब काम खत्म होने पर परिजन घर आए तो दोनों लापता थे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस को भी सूचना दी गई। दो जनवरी 2019 को जब शिकायकर्ता व्यक्ति खेतों की तरफ टहलने गया तो उसे अपनी बेटी का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। इसके बाद पुलिस ने संतोष के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। करीब पांच महीने बाद अब आरोपी युवक सीआईए टू बहादुरगढ़ के हत्थे चढ़ गया है। अपराध जांच शाखा 2 के प्रभारी सत्यवान ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने वारदात कुबूल ली है। फिलहाल उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।