अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। थाना लाइनपार पुलिस ने छीनाझपटी और बाइक छीनने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उन्हें पुलिस को एक दिन के रिमांड पर सौंपा है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उनसे अन्य कई वारदातें सुलझने की उम्मीद है।
लाइनपार थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा बीते 4 जुलाई को हुई मोटरसाइकिल छीनने की वारदात के मामले में दो आरोपियों को काबू किया गया है। देवेंद्र निवासी आसौदा ने शिकायत दी थी कि वह 4 जुलाई 2018 की रात को अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कंझावला दिल्ली से निजामपुर-बामनोली होता हुआ अपने गांव आसोदा जा रहा था। जब वह बामनोली बस अड्डा से थोड़ा आगे बराही रोड पर चला तो दो युवकों ने आगे अड़कर उसकी बाइक को रुकवाया। उसके साथ मारपीट करने लगे और जबरदस्ती उसकी बाइक, मोबाइल व पर्स छीन लिया और मोटरसाइकिल को लेकर मौके से भाग गए। इस पर लाइनपार थाना में मामला दर्ज किया गया। आरोपियों की पहचान सूरज और आशीष दोनों निवासी गांव बामनोली के रूप में हुई है।