अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। स्पेशल शाखा टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को पूर्ण मार्केट से अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फतेहगढ़ निवासी सोमबीर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ सिटी पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि स्पेशल शाखा प्रभारी शमशेर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर की पूर्ण मार्केट में एक युवक अवैध हथियार लिए घूम रहा है। इस आधार पर पुलिस टीम ने वहां दबिश दी। संदेह के आधार पर जब पुलिस टीम ने एक युवक की तलाशी ली तो उसकी पेंट की जेब से एक 315 बोर की पिस्तौल बरामद हुआ। इस पर जब उक्त युवक से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम सोमबीर वासी फतेहगढ़ बताया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर हथियार को भी अपने कब्जे में ले लिया। सिटी पुलिस थाने में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने आरोपी सोमबीर को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ चल रही है।