आसौदा में गाड़ी से नकदी व पार्ट्स और सेक्टर-9 से बाइक चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव आसौदा में चोरों ने सोमवार को कार का लॉक तोड़कर नकदी और अन्य पार्ट्स चोरी कर लिए गए। वहीं जबकि सेक्टर-9 से एक बाइक चोरी हो गई। वाहन मालिकों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में आसौदा निवासी राजबीर ने कहा है कि सोमवार को वह एक शादी समारोह में गया था। रात को साढ़े 12 बजे उसने अपनी कार मकान के पास ही स्थित प्लाट में खड़ी कर दी। मंगलवार की सुबह साढ़े 6 बजे देखा तो गाड़ी का बोनट और गाड़ी की खिड़की भी खुली थी। जांच के बाद गाड़ी की एसीएम, 10 हजार रुपये व पेनड्राइव सहित कुछ अन्य सामान चोरी था। उधर, आसौदा चौकी प्रभारी सूरजभान ने कहा कि वाहन मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज चेक की जाएगी। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
सेक्टर-9 से बाइक चोरी
उधर, सोमवार की शाम सेक्टर-9 में से एक बाइक भी चोरी हो गई। पुलिस को दी शिकायत में आर्य नगर के निवासी सोनू ने कहा है कि किसी काम के सिलसिले में वह सेक्टर-9 स्थित एक व्यक्ति के आफिस में गया था। बाइक आफिस के बाहर खड़ी की थी। करीब एक घंटे बाद बाहर आया तो बाइक नहीं मिली। पुलिस ने उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।