पति की हत्या की आरोपी पत्नी गिरफ्तार
चरखी दादरी।
शराब के आदी पति की रोज की प्रताड़ना से तंग आकर उसे मौत के घाट उतारने वाली आरोपी पत्नी को बाढड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अटेला खुर्द निवासी मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने गत नौ अगस्त को इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया था।
गौरतलब है कि अटेला खुर्द निवासी सुखबीर की उसकी पत्नी सूरजमुखी ने डंडो से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। बाढड़ा थाना पुलिस सूचना पाकर जब मौके पर पहुंची तो सुखबीर का शव घर पर बने एक पिलर से बंधा मिला था। पुलिस प्रवक्ता मंजीत अहलावत ने बताया कि बाढड़ा थाना पुलिस ने हत्या की आरोपी पत्नी सूरजमुखी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।