शहर के झील मोहल्ला में दो युवकों ने गन प्वाइंट पर एक व्यक्ति से कार लूट ली। नया गांव के निवासी एक युवक पर दो युवकों से वारदात कराने का आरोप है। सिटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आपसी लेनदेन की आशंका जताई जा रही है। असल वजह क्या है, ये जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो पाएगा।
वारदात मंगलवार की देर शाम की है। पुलिस को दी शिकायत में ओमैक्स के निवासी जितेंद्र ने कहा है कि उसका इंटरनेट का बिजनेस है। निजी काम के लिए उसने अपने पार्टनर की आई-20 कार ले रखी है। मंगलवार को झील मोहल्ला स्थित अपने पुराने मकान पर गया था। वहां पर नया गांव के निवासी सचिन व उसका साथी नवीन आए। उन्होंने पिस्तौल अड़ाकर गाड़ी की चाबी ले ली। इससे पहले प्लेन पेपर पर पांच लाख रुपये की देनदारी भी लिखवाई और पैन कार्ड की कॉपी ले ली। नवीन ने नया गांव के निवासी रितेश से व्हाट्सएप कॉल कर बात करवाई। रितेश पहले से भी मुझे रुपये को लेकर धमकी देता रहा है। रितेश के कहने पर ही नवीन व सचिन पिस्तौल दिखाकर गाड़ी ले गए हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर गाड़ी बरामद करे। उधर, सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।