गुरुग्राम से बहादुरगढ़ लौट रहे यहां के दो लोगों के साथ कार सवार युवकों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर करीब सवा लाख रुपये, मोबाइल व गाड़ी लूट ली। घायलों को कानोन्दा के पास छोड़कर चले गए।
गांव खैरपुर निवासी बिजेंद्र और कानोन्दा निवासी धीरज के साथ यह वारदात हुई है। दरअसल, बिजेंद्र गाड़ी चलाता है। वह मंगलवार को धीरज के साथ गुरुग्राम गया था। गुरुग्राम में धीरज का गाड़ियों का काम है। धीरज ने वहां तीन ड्राइवरों को वेतन दिया और बाकी राशि लेकर वापस घर की ओर चल दिया। रात को जब दिल्ली में पंजाबी बाग के पास पहुंचे तो यहां स्विफ्ट कार सवार चार युवकों ने इनको रुकवा लिया। फिर उक्त युवकों ने बिजेंद्र को अपनी गाड़ी में डाल दिया। जबकि एक युवक बिजेंद्र की गाड़ी को लेकर पीछे पीछे चल दिया। चलती गाड़ी में बिजेंद्र के साथ मारपीट की गई। यहां जौंती मोड़ के पास खेत में बने एक कमरे में ले जाकर बिजेंद्र व धीरज के साथ मारपीट की गई। बिजेंद्र पर लाठी, डंडों से ज्यादा वार किए गए। इसके बाद बुधवार की सुबह आरोपी युवक इन दोनों को कानोन्दा के पास छोड़ गए। बिजेंद्र की गाड़ी, मोबाइल व 4800 रुपये जबकि धीरज से एक लाख 13 हजार रुपये भी ले गए। नागरिक अस्पताल में भर्ती बिजेंद्र ने कहा कि वह उक्त युवकों को नहीं जानता। बिना बात के ही उसके साथ मारपीट की गई है। वहीं धीरज का कहना है कि उक्त चारों युवकों को वह जानता है। वह उसके काम में साझेदार हैं। इस संबंध में अभी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। दोनों लोगों के बयान में थोड़ा फर्क नजर आ रहा है। असल सच्चाई क्या है, ये जांच का विषय है। उधर, सदर थाना पुलिस प्रभारी सुनील कुमार ने कहा कि लूटपाट दिल्ली में हुई है तो कार्रवाई दिल्ली पुलिस को करनी है। उनके पास ऐसी कोई सूचना या शिकायत नहीं आई है। फिर भी वह अपने स्तर पर मामले का पता लगा रहे हैं।