गांव दहकोरा में स्थित ड्रेन में मछली पकड़ते वक्त डूबे मछुआरे का शव 23 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने निकाल लिया। शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम होगा। दरअसल, नांगलोई निवासी रामभजन सोमवार को अपने साथियों के साथ मछली पकड़ने के लिए दहकोरा आया था। दहकोरा में स्थित एक ड्रेन में मछली पकड़ने लगा। मछली पकड़ने के लिए उसने गोता लगाया तो वह डूब गया। काफी देर तक बाहर नहीं आया तो साथियों ने तलाश शुरू की। इसके बाद सूचना मिलते ही आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सोमवार की शाम से शुरू हुआ बचाव कार्य मंगलवार की शाम तक जारी रहा। ड्रेन गहरी होने के कारण पुलिस को काफी परेशानी हुई। ड्रेन का पानी मोटर लगाकर निकाला गया। शाम करीब साढ़े चार बजे शव को ड्रेन से बाहर निकाला जा सका। शव को ड्रेन से निकालने के बाद पुलिस ने नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। आसौदा थाना प्रभारी बीर सिंह ने कहा कि शव को बाहर निकाल लिया गया है। किन परिस्थितियों में डूबा, यह जांच का विषय है। बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।