वायु प्रदूषण के स्तर में दो नवंबर को हुई हल्की बारिश केे बाद से सुधार देखने को मिल रहा है। बारिश का असर है कि लगातार प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को प्रदूषण का स्तर 310 रहा, जो कि सोमवार को 369 था। वहीं मंगलवार को एडीसी ने मीटिंग लेकर जिले में स्थित हॉट मिक्स प्लांट, स्टोन क्रशर, पीएनजी को छोड़कर कोयले अथवा किसी अन्य इंधन को उपयोग करने वाली औद्योगिक इकाइयों के साथ ही किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य पर 8 नवंबर तक पूर्णतया पाबंदी लगाई गई है। कार्यवाहक उपायुक्त जगनिवास ने बताया कि वायु प्रदूषण करने वाली इकाइयों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मॉनीटरिंग करेंगे अधिकारी
जिले में निर्माण कार्य, हॉट मिक्स प्लांट, स्टोन क्रशर, पीएनजी को छोड़कर कोयले अथवा किसी अन्य इंधन को उपयोग करने वाली औद्योगिक इकाइयां 8 नवंबर तक बंद रहेंगी। उन्होंने वातावरण के प्रदूषित होने के कारणवश आमजन को सावधानी बरतते हुए सजग रहने की भी अपील की है। उन्होंने नगर परिषद बहादुरगढ़, नगर पालिका झज्जर सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को नियमित मॉनीटरिंग करने के आदेश दिए ताकि जिले में किसी भी रूप से पर्यावरण प्रदूषित न हो और आदेशों की अनुपालना प्रभावी ढंग से हो सके।
पानी का हो रहा छिड़काव
नपा द्वारा शहर के आसपास वाले एरिया में पेड़ों पर लगातार पानी का छिड़काव करवाया जा रहा है। क्षेत्र में नपा ने कूड़ा भी रात के समय उठाना शुरू कर दिया है तो वहीं कूड़े की ट्रॉलियों को भी ढक कर डंपिंग स्टेशन तक भेजा जा रहा है। प्रदूषण का स्तर प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुुआ है।